बिहार के मुजफ्फरपुर में हुई सड़क दुर्घटना में चार की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now

मुजफ्फरपुर, 03 मई (हि.स.)। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर रतनपुरा के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

मृतकों में मोतीपुर के साढा डम्बर निवासी 35 वर्षीय कृष्णा राय और 17 वर्षीय छोटू कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर में सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की हुई मौत शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

उन्होंने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story