बिहार एमएलसी चुनाव: स्नातक निर्वाचन में 43.87 और शिक्षक निर्वाचन में 74.55 प्रतिशत मतदान

WhatsApp Channel Join Now
बिहार एमएलसी चुनाव: स्नातक निर्वाचन में 43.87 और शिक्षक निर्वाचन में 74.55 प्रतिशत मतदान


बिहार एमएलसी चुनाव: स्नातक निर्वाचन में 43.87 और शिक्षक निर्वाचन में 74.55 प्रतिशत मतदान


पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में शाम चार बजे तक हुए मतदान में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी में सर्वाधिक 52.51 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सारण 87.16 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा।

स्नातक निर्वाचन

पटना 36.19 प्रतिशत

तिरहुत 42.15 प्रतिशत

दरभंगा 42 प्रतिशत

कोसी 52.51 प्रतिशत

शिक्षक निर्वाचन

पटना 56.89 प्रतिशत

सारण 87.16 प्रतिशत

तिरहुत 78.10 प्रतिशत

दरभंगा 79 प्रतिशत

बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समस्तीपुर जिलान्तर्गत दलसिंहसराय प्रखंड परिसर स्थित मतदान केंद्र पर आज बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए मताधिकार का उपयोग बहुत जरूरी है।

भाजपा उम्मीदवार नवल यादव ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि दूसरे सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जाएगी और उनकी जीत हर बार से बड़ी होगी। शिक्षकों का जो समर्थन उन्हें मिल रहा है, उसी के कारण विरोधी बौखलाए हुए हैं और अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। नवल यादव ने कहा कि विरोधी उन पर आरोप लगाकर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक उन्हें 30 वर्षों से जानते हैं और किसी के आरोपों से उनके समर्थन पर असर नहीं पड़ेगा।

दूसरी ओर, अनंत सिंह के समर्थकों का कहना है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से हम लोग बड़े अंतर से चुनाव जीत रहे हैं। समर्थकों के इस दावे के बीच आवास पर उत्साह का माहौल बना हुआ है। आतिशबाजी के साथ समर्थक अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। साथ ही एक-दूसरे को बधाई भी दे रहे हैं।

अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी की नाराजगी के बावजूद खुलकर उनके लिए प्रचार किया। वह लगातार यह कहते रहे हैं कि किसी भी हालत में जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला है। मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार जदयू के उम्मीदवार हैं, जबकि राजद ने दिलीप कुमार को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज पार्टी से अनुज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story