मॉरीशस में बिहार दिवस की तैयारियां पूरी, प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ाया सांस्कृतिक व पर्यटन सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
मॉरीशस में बिहार दिवस की तैयारियां पूरी, प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ाया सांस्कृतिक व पर्यटन सहयोग


मॉरीशस में बिहार दिवस की तैयारियां पूरी, प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ाया सांस्कृतिक व पर्यटन सहयोग


पटना, 21 मार्च (हि.स.)। बिहार राज्य स्थापना दिवस (बिहार दिवस) मॉरीशस में भी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। वहां आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मॉरीशस दौरे पर हैं।

सचिव प्रणव कुमार ने मॉरीशस के प्रतिनिधियों को बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया और भारत-मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और सुदृढ़ करने की दिशा में पहल की।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मॉरीशस के राष्ट्रपति तथा कला एवं संस्कृति, पर्यटन और कृषि मंत्रियों से शिष्टाचार मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक में प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटाइजेशन और प्रदर्शनी को लेकर सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिनिधियों ने माना कि पांडुलिपियां ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। गिरमिटिया इतिहास से जुड़ी पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए संग्रहालय स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बिहार की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग को मॉरीशस में बढ़ावा देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि वहां इस कला को सीखने में काफी रुचि है। ऐसे में प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और प्रदर्शनियों के माध्यम से दोनों देशों के कलाकारों को जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही, ऑनलाइन माध्यम से मिथिला पेंटिंग सिखाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

प्रणव कुमार ने कहा कि मिथिला पेंटिंग बिहार की सांस्कृतिक पहचान है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने मॉरीशस के पर्यटन मंत्री और वहां के प्रमुख परिवहन संचालकों के साथ बैठक कर ‘पर्सन-टू-पर्सन’ संपर्क को सुगम बनाने और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया।

यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक, पर्यटन और ऐतिहासिक संबंधों को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story