देश में अबतक 21.76 मिलियन हेक्टेयर भूमि को किया गया पुनर्स्थापित : भूपेन्द्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
देश में अबतक 21.76 मिलियन हेक्टेयर भूमि को किया गया पुनर्स्थापित : भूपेन्द्र यादव


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि देश ने अब तक 21.76 मिलियन हेक्टेयर भूमि को पुनर्स्थापित किया है, जबकि 2030 तक 26 मिलियन हेक्टेयर भूमि सुधार का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य वैश्विक स्तर कीबॉनचैलेंजप्रतिबद्धता का हिस्सा है।

बुधवार को इंदिरा पर्यावरण भवन में “विश्व मरुस्थलीकरण और सूखा रोकथाम दिवस” के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में भूमि क्षरण से निपटने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। इनमें जल संरक्षण, वनीकरण, और वैज्ञानिक तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अब तक देशभर में 266 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने यह भी बताया कि अरावली ग्रीन वॉल पहल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपने निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही देश में वनीकरण, जलग्रहण विकास और कृषि भूमि सुधार कार्यक्रमों के माध्यम से बड़े पैमाने पर भूमि पुनर्स्थापन कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि भारत की लगभग 29.77 प्रतिशत भूमि मरुस्थलीकरण या भूमि क्षरण से प्रभावित है।

इस अवसर पर “इंडियन फॉरेस्टर” का विशेष संस्करण और भारत की दूसरी प्रगति रिपोर्ट भी जारी की गई, जिसमें देश में चल रहे भूमि पुनर्स्थापन कार्यों और उनकी उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया गया है।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक और पर्यावरण विशेषज्ञ शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story