सरकार का अगला लक्ष्य लखपति दीदियों की संख्या को बढ़ाकर 6 करोड़ करना : रोहित कंसल

WhatsApp Channel Join Now
सरकार का अगला लक्ष्य लखपति दीदियों की संख्या को बढ़ाकर 6 करोड़ करना : रोहित कंसल


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल ने बुधवार को कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य इन 3 करोड़ दीदियों की संख्या को बढ़ाकर 6 करोड़ तक पहुँचाना है।

रोहित कंसल ने यह बात दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित चार दिवसीय 'भारत टेक्स 2026' में ग्रामीण विकास मंत्रालय के प्रदर्शनी मंडप के उद्घाटन पर कही। 14-17 जुलाई तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 के तीसरे संस्करण में भारत की आत्मनिर्भर होती ग्रामीण महिलाओं की कला और उनके हुनर का एक शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर आयोजित गैलरी में 'नारी शक्ति' ( सरस शक्ति कलेक्शन) के प्रतीक के रूप में देश की 'लखपति दीदियों' द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने कहा, इस गैलरी में प्रदर्शित सभी उत्पाद भारत की लगभग 3 करोड़ से अधिक 'लखपति दीदियों' के अथक परिश्रम और कौशल को दर्शाते हैं। अब सरकार का अगला लक्ष्य इन 3 करोड़ दीदियों की संख्या को बढ़ाकर 6 करोड़ तक पहुँचाना है। 'भारत टेक्स' जैसे बड़े मंच हमारी दीदियों को देश-विदेश के बड़े खरीदारों से सीधे जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहे हैं।

कंसल ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि हमारी दीदियों की यह अद्भुत कला, उनका हुनर और उनके उत्पादों की बेहतरीन गुणवत्ता को न केवल भारत में, बल्कि विदेशी खरीदारों द्वारा भी बड़े पैमाने पर सराहा और पहचाना जाएगा।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय में ग्रामीण आजीविका की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा तथा डीएवाई-एनआरएलएम की निदेशक डॉ. मौलिश्री भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल 'लखपति दीदियों' से बातचीत की और पूरे भारत से महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के अलग-अलग तरह के उत्पादों को देखा, जो वहां प्रदर्शित किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story