अब उद्यमी और निर्माता प्रमुख यूरोपीय खरीदारों से सीधे जुड़ सकेंगे: गिरिराज सिंह

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को कहा कि 'भारत टेक्स 2026' से पहली बार निर्यात करने वाले उद्यमियों और निर्माताओं को प्रमुख यूरोपीय खरीदारों से सीधे जुड़ने में मदद मिलेगी।

गिरिराज सिंह ने यह बात आज दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे भारत टेक्स में भारत और फ्रांस के बीच संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के लिए एक आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर के दौरान कही। इस पर प्रीमियर विजन एसए की फैशन डिवीजन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्लोरेंस रूसन और भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन के अध्यक्ष नरेन गोयनका ने हस्ताक्षर किए।

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) और प्रीमियर विजन पेरिस की वस्त्र सहयोग को प्रगाढ़ बनाने के लिए यह एक रणनीतिक साझेदारी है। भारत को वैश्विक वस्त्र स्रोत गंतव्य के रूप में स्थापित करने और भारत-यूरोपीय संघ के बीच द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा, यह साझेदारी भारत टेक्स को एक सच्चे वैश्विक मंच के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे देश के लघु एवं मध्यम उद्यमों, पहली बार निर्यात करने वाले उद्यमियों और निर्माताओं को प्रमुख यूरोपीय खरीदारों से सीधे जुड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह वैश्विक वस्त्र मूल्य श्रृंखला में भारत को एक विश्वसनीय, नवोन्मेषी और टिकाऊ स्रोत के रूप में मजबूती से पेश करेगा।

इस साझेदारी से नवाचार, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी), डिजाइन उत्कृष्टता और ट्रेंड्स की जानकारी को बढ़ावा देना है। इससे भारतीय निर्माताओं, निर्यातकों और डिजाइनरों को वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने के नए अवसर मिलेंगे, साथ ही वैश्विक फैशन हाउसों और खरीदारों का जुड़ाव भारत के प्रतिस्पर्धी वस्त्र उद्योग से गहरा होगा।

यह सहयोग ऐसे समय में हुआ है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता सफलतापूर्वक संपन्न हुई है, जिससे भारतीय निर्यातकों के लिए यूरोपीय बाजारों तक पहुंच और आसान होगी।

इस महत्वपूर्ण हस्ताक्षर समारोह के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय खरीदार, सोर्सिंग सलाहकार और कपड़ा उद्योग से जुड़े कई हितधारक भी उपस्थित रहे।

प्रीमियर विजन का 'पीवी पेरिस' वैश्विक स्तर पर वस्त्र और फैशन सोर्सिंग प्रदर्शनियों में अग्रणी स्थान रखता है। पेरिस में हर दो साल में आयोजित होने वाला यह आयोजन दुनिया भर के फैशन डिजाइनरों, ब्रांडों और सोर्सिंग पेशेवरों को एक मंच पर लाता है।

इस नए सहयोग के माध्यम से भारतीय निर्माताओं, एमएसएमई, निर्यातकों और उभरते हुए घरेलू ब्रांडों को एक विश्व स्तरीय मंच मिलेगा। इसके जरिए वे अपने प्रीमियम वस्त्र, परिधान, सहायक उपकरण (एक्सेसरिज), टेक्निकल टेक्सटाइल और पर्यावरण-अनुकूल टिकाऊ सामग्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकेंगे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story