भारत टेक्स 2026 : 14 जुलाई से दिल्ली में सजेगा भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र मेला

WhatsApp Channel Join Now
भारत टेक्स 2026 : 14 जुलाई से दिल्ली में सजेगा भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र मेला


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र आयोजन 'भारत टेक्स 2026' आगामी 14-17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसमें 20 से अधिक देश भाग लेंगे।

वस्त्र मंत्रालय के अनुसार यह मंत्रालय के सहयोग से 'भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन' द्वारा आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत के वस्त्र उद्योग (टेक्सटाइल इकोसिस्टम) की व्यापकता और विविधता को एकीकृत वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा।

वैश्विक वस्त्र मेला भारत की वस्त्र, फैशन, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी), प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करेगा।

इसके अलावा, यह वैश्विक कपड़ा उद्योग के सभी प्रमुख हितधारकों को एकजुट करेगा, जिसका उद्देश्य भारत में निवेश, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बढ़ावा देकर देश को वैश्विक मूल्य श्रृंखला में शीर्ष पर पहुंचाना है।

इस मौके पर लगभग 3,500 क्यूरेटेड बी2बी बैठकें, 100 से अधिक बी2जी बैठकें तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास, बाजार पहुँच एवं संस्थागत सहयोग से जुड़े 20 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

इस दौरान सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड 2026, राज्य सत्र और अन्य देशों के साथ वस्त्र व्यापार विषय भी आयोजित किए जायेंगे।

डिजिटल सुविधा को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से हाल ही में भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया। यह ऐप आयोजन में सहज नेविगेशन, प्रदर्शकों की जानकारी, बी2बी बैठकों का निर्धारण, डिजिटल बैज, क्यूआर आधारित लीड कैप्चर, लाइव एजेंडा तथा एआई-संचालित सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायेगा। इसके अलावा, प्रतिभागी भारत टेक्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story