भलस्वा कचरा ढेर स्थल से 99.07 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण, 15 अक्टूबर तक पूरा होगा काम
नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भलस्वा स्थित विशाल कचरा ढेर स्थल से अब तक 99.07 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण कर हटा दिया है। सरकार का लक्ष्य 15 अक्टूबर तक इस कचरे के पहाड़ को पूरी तरह समाप्त करना है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को भलस्वा कचरा ढेर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुराने कचरे के निस्तारण कार्य की समीक्षा की। साथ ही मंत्री को बताया गया कि इस साल मार्च तक जमा हुए कचरे को 31 दिसंबर तक हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने एमसीडी को निर्देश दिया कि लैंडफिल साइट पर आने वाले ताजा कचरे के प्रसंस्करण का कार्य तेजी से पूरा किया जाए ताकि निस्तारण की गति और बढ़े और वैज्ञानिक ढंग से कचरे का प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
मनोहर लाल ने कहा कि भलस्वा स्थल पर समयबद्ध तरीके से पुराने कचरे की सफाई और संपूर्ण निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। इस निरीक्षण से यह संदेश गया कि शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरणीय सुधार को लेकर केंद्र सरकार गंभीर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

