देश की एकजुटता ही आसुरी शक्तियों को परास्त करेगी : भैयाजी जोशी

WhatsApp Channel Join Now
देश की एकजुटता ही आसुरी शक्तियों को परास्त करेगी : भैयाजी जोशी


कोलकाता, 11 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह और अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश ‘भैयाजी’ जोशी ने मंगलवार को कहा कि देश में एक आसुरी शक्ति हमारी आपसी फूट का फायदा उठाकर मजबूत बनी हुई है। जिस दिन भारत का समाज एकजुट हो जाएगा, उसी दिन यह आसुरी शक्ति परास्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता और साझा सांस्कृतिक चेतना में निहित है।

वे कोलकाता स्थित भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सत्यजीत रे सभागार में लेखक तरुण विजय की पुस्तक ‘सैफ्रन सर्ज : मेकिंग ऑफ अ ब्रेव, न्यू भारत’ के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

भैयाजी जोशी ने कहा कि “यह किताब कोई लहर नहीं, बल्कि ऐसा तूफान है जो हमेशा रहेगा।” उन्होंने कहा कि देश ऐसे कालखंड से गुजर रहा है, जब भारत का पुराना गौरव वापस लौट रहा है। आज की पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि वह बदलते हुए भारत को अपनी आंखों के सामने देख रही है।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रतिस्पर्धा में मजबूती से खड़ा है और वह दिन दूर नहीं, जब भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा। उनके अनुसार, यह भारत के पुराने गौरव की वापसी का कालखंड है।

पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए भैयाजी जोशी ने कहा कि राज्य के लोगों का अभिनंदन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “लाल निशान की जगह भगवा निशान आ गया है।” उन्होंने बंगाल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद किया और कहा कि हम अमृत पुत्र है इसलिए भारत को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि ये देश और यहां का समाज अमर हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में हमेशा से देवासुर संग्राम की अवधारणा रही है। भगवान राम के जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने कभी भय के सामने समर्पण नहीं किया। इसी तरह देश को भी चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ना होगा।

भैयाजी जोशी ने कहा कि भारत के युवा, वैज्ञानिक, सेना और शिक्षाविद देश के पुनर्जागरण के प्रयास में लगे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन्हीं प्रयासों के बल पर भारत आने वाले समय में विश्व का नेतृत्व करेगा।

उन्होंने देश की विविधता को उसकी ताकत बताते हुए कहा कि अलग-अलग संप्रदायों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोग एक ही छत के नीचे रहने वाला समाज हैं। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय कहने वाले पूरे देश के लोग हैं और यही एकता देश को मजबूत बनाएगी।

भैयाजी जोशी ने लोगों से आपसी मतभेद और विभाजन से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब समाज अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानकर एकजुट होगा, तब देश को कमजोर करने वाली आसुरी शक्तियां स्वतः परास्त हो जाएंगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story