पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत काे ओम बिरला और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत काे ओम बिरला और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ओम बिरला ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि भैरों सिंह शेखावत ने अपनी दूरदर्शी सोच, जन-कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रवादी विचारों के दम पर, 'बाबोसा' ने भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। राजस्थान की माटी से जुड़ी उनकी शख्सियत और राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भैरों सिंह शेखावत का जीवन संघर्ष, जनसेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की एक प्रेरणादायक गाथा है। आम जनता के साथ उनका गहरा जुड़ाव, और ईमानदारी, सत्यनिष्ठा तथा पारदर्शिता के प्रति उनका दृढ़ समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। भारत, और विशेष रूप से राजस्थान के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में जन-कल्याणकारी कार्यों को धरातल पर उतारना हो या राज्य में संगठन को मजबूत करना भैरों सिंह शेखावत ने यह सिद्ध कर दिया कि लगन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सादगी, ईमानदारी और संवेदना से भरा उनका जीवन हर समाज-कर्मी के लिए प्रेरणा का एक कभी न खत्म होने वाला स्रोत है।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भैरोंसिंह शेखावत जी की जयंती पर सादर नमन। आपका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए प्रयास सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भैरों सिंह का आदर्श जीवन और आपके उदात्त विचार सभी को सदैव राष्ट्र और समाज की सेवा करने, तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राजनीति में भैरों सिंह द्वारा स्थापित मूल्य, उनका सादगीपूर्ण जीवन और जनसेवा के आदर्श देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भैरों सिंह शेखावत 'बाबोसा' की जयंती पर नमन किया।

केन्द्रीय कानून, न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सादगी, ईमानदारी और गतिशील नेतृत्व के प्रतीक, भैरों सिंह ने अपना पूरा जीवन जनसेवा, गरीबों के कल्याण और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित कर दिया। लोकतांत्रिक मूल्यों और जन-कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए सदैव एक मार्गदर्शक प्रकाश की तरह रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765309 Articles

Share this story