पंजाब में भगवंत मान ही होंगे आआपा का सीएम चेहरा, केजरीवाल ने नवंबर में दिए चुनाव के संकेत

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 12 जून (हि.स.)। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आआपा) फिर से मुख्यमंत्री भगवंत मान के चेहरे को आगे रखकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। बठिंडा में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार की शाम एक जनसभा में कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ही चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पंजाब विधानसभा चुनाव इस बार नवंबर में हो सकते हैं, जिसके चलते पार्टी के पास तैयारी के लिए केवल चार महीने का समय बचा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में पंजाब में कई मुख्यमंत्री बने, लेकिन पहली बार भगवंत मान जैसा ईमानदार मुख्यमंत्री राज्य को मिला है। उन्होंने दावा किया कि मान सरकार सरकारी धन की बचत कर उसे जनता की सुविधाओं पर खर्च कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि चार साल बाद भी लोगों के चेहरों पर सरकार के प्रति खुशी दिखाई दे रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता आम आदमी पार्टी के काम से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय जनता नेताओं के खिलाफ गुस्से में रहती थी, जबकि आज लोग खुद आगे बढ़कर समर्थन दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों ने उन्हें बताया था कि बठिंडा में “जोजो टैक्स” के नाम पर वसूली होती थी, जिसे आम आदमी पार्टी सरकार ने खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब में लूट-खसोट और भ्रष्टाचार की राजनीति समाप्त हो रही है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने बठिंडा नगर निगम चुनाव में पार्टी की जीत पर लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने दिल खोलकर झाड़ू के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित मेयर पदमजीत मेहता ईमानदारी के साथ काम करेंगे और शहर के विकास को नई दिशा देंगे। मान ने कहा कि राज्य में सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधरी है, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है और खेतों में लगातार बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने नहरी पानी दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story