बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की आशंका

WhatsApp Channel Join Now

कोलकाता, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है। समुद्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बन चुका है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह तक बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने की आशंका है। इसके बाद यह धीरे-धीरे तट की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के बड़े हिस्से में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर सतर्कता जारी कर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके आसपास समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से शनिवार तक निम्न दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर निम्न दबाव में तब्दील हो सकता है। इसके बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए रविवार तक इसके गहरे निम्न दबाव में बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार सुबह तक समुद्र में गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवात का रूप ले सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में इसकी ताकत और बढ़ने तथा उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से बुधवार से दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765912 Articles

Share this story