बंगाल में बेलडांगा हिंसा मामले की जांच एनआईए को सौंपी, सात आरोपित सात दिन की हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में बेलडांगा हिंसा मामले की जांच एनआईए को सौंपी, सात आरोपित सात दिन की हिरासत में


कोलकाता, 27 फरवरी (हि.स.)। लंबे गतिरोध के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को मुर्शिदाबाद जिले के अल्पसंख्यक बहुल बेलडांगा में हुई हालिया हिंसा मामले की केस डायरी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने पर सहमति दे दी। यह जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को कलकत्ता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद सौंपी गई है।

राज्य पुलिस ने कोलकाता की एक ट्रायल अदालत को भी केस डायरी एनआईए को सौंपने के अपने निर्णय की जानकारी दी। इसके बाद अदालत ने सात आरोपितों को सात दिनों की एनआईए हिरासत में भेजने का आदेश दिया। शेष 24 आरोपित इस अवधि के दौरान न्यायिक हिरासत में रहेंगे।

शुक्रवार को जब ट्रायल कोर्ट ने राज्य पुलिस को केस डायरी एनआईए को सौंपने का निर्देश दिया, तब राज्य पुलिस के वकील ने अदालत कक्ष में ही दस्तावेज तत्काल हस्तांतरित करने की पेशकश की। हालांकि, एनआईए के वकील ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए निर्धारित औपचारिक प्रक्रिया का पालन करने पर जोर दिया और कहा कि केस डायरी कोलकाता स्थित एनआईए कार्यालय में विधिवत सौंपी जाए। बाद में राज्य पुलिस ने प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज सौंपने पर सहमति जताई।

उल्लेखनीय है कि जनवरी में बेलडांगा में झारखंड में एक प्रवासी मजदूर की कथित हत्या की फर्जी सूचना प्रसारित होने के बाद तनाव और हिंसा भड़क उठी थी। बाद में झारखंड पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया था।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था। उच्च न्यायालय द्वारा एनआईए जांच की अनुमति दिए जाने के बाद राज्य सरकार ने आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।

इसके बावजूद कुछ समय तक गतिरोध बना रहा और राज्य पुलिस ने प्रारंभ में केंद्रीय एजेंसी को केस डायरी सौंपने से इनकार कर दिया था। अब औपचारिक रूप से जांच की कमान एनआईए के हाथों में आ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story