नक्सल मुक्त होते ही बस्तर के विकास पर फोकस, मुख्यमंत्री साय मंगलवार को प्रधानमंत्री से मिलेंगे

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। देश के नक्सलवाद मुक्त होने के बीच अब सरकार का ध्यान छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास पर केंद्रित हो गया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री साय इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह से भी भेंट करेंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक को बस्तर के भविष्य के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बैठक का मुख्य फोकस “पोस्ट-माओइस्ट सीनारियो” पर रहेगा, यानी माओवाद के प्रभाव में कमी के बाद बस्तर के तेजी से विकास की रणनीति तैयार करना। सुरक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अब केंद्र और राज्य सरकार क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस कदम उठाने की तैयारी में हैं।

मुख्यमंत्री साय प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के समक्ष बस्तर के लिए एक विस्तृत विकास रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। इस रोडमैप में आधारभूत ढांचे के विस्तार, उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और आदिवासी क्षेत्रों के समावेशी विकास पर विशेष जोर रहेगा।

सूत्रों का कहना है कि सरकार अब बस्तर को एक नए विकास मॉडल के रूप में स्थापित करना चाहती है, जहां सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक प्रगति को भी समान प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री का यह दौरा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story