गुवाहाटी में दो दिन में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुवाहाटी में दो दिन में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


गुवाहाटी में दो दिन में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


गुवाहाटी में दो दिन में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


-होटल और रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई, अवैध रूप से भारत में प्रवेश का आरोप

गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने छह और सात अक्टूबर को अलग-अलग अभियानों में कुल 18 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। असम पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सात अक्टूबर को गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट की बॉर्डर ब्रांच ने सूचना के आधार पर शांति होटल में छापेमारी कर 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। इनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, ये सभी बुधवार सुबह दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचे थे और बांग्लादेश लौटने की तैयारी में थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पिछले 14-15 वर्षों से श्रीनगर के पंथा चौक के पास रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, श्रीनगर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने के बाद वे वहां से निकलकर बांग्लादेश जाने के लिए गुवाहाटी पहुंचे थे।

इससे पहले छह अक्टूबर को पानबाजार पुलिस की बॉर्डर ब्रांच ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15648) के सामान्य डिब्बे से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा था। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ट्रेन गुवाहाटी से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए रवाना होने वाली थी।

पुलिस ने उनके पास से तीन आधार कार्ड बरामद किए। इनमें से एक आधार नंबर के वास्तविक होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वे काम की तलाश में मुंबई जाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, उनके पास भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था और पूछताछ में उन्होंने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया। वे बांग्लादेश के ढाका, बोगुरा, राजबाड़ी, नरियाल और जमालपुर जिलों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस की पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे जमीन के रास्ते मेघालय सीमा से भारत में दाखिल हुए थे। उन्होंने गुवाहाटी के टोकोबारी स्थित ‘विंटेज होम’ होटल में ठहरने की जानकारी दी। पुलिस ने अवैध रूप से आए लोगों को ठहराने और कथित तौर पर बांग्लादेशी दलालों के संपर्क में रहने के आरोप में होटल मालिक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ पानबाजार थाने में केस संख्या 225/26 दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, होटल मालिक अमित रॉय बसुमतारी सहित चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा पानबाजार थाना प्रभारी डॉ. शंकर ज्योति नाथ के नेतृत्व में चलाए गए अभियानों में हजरत अली, विशाल पॉल और रंजन धर को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों को ‘प्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950’(इमिग्रेंट्स (एक्सपल्शन) फ्रॉम असम एक्ट, 1950) के प्रावधानों के तहत भारत से बाहर भेजने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story