बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया के ठिकानों पर दूसरे दिन भी आयकर की कार्रवाई जारी

WhatsApp Channel Join Now
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया के ठिकानों पर दूसरे दिन भी आयकर की कार्रवाई जारी


लखनऊ/बलिया, 26 फ़रवरी (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलाैते विधायक उमाशंकर सिंह के परिजनों व उनके सहयोगियों के यहां बलिया में तीन स्थानों पर दूसरे दिन गुरुवार को भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी रही। विधायक के पैतृक आवास से लेकर लखनऊ के आवास सहित अन्य ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई से जिले से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गालियारों तक हलचल बनी हुई है। विधायक उमाशंकर योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के नजदीकी रिश्तेदार हैं। इस कार्रवाई को लेकर मंत्री दिनेश प्रताप और

बसपा प्रमुख मायावती नाराजगी जता चुकी हैं।

बुधवार को सुबह से शाम तक लखनऊ समेत बलिया में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के पैतृक गांव खनवर समेत अन्य ठिकानों पर छापे की कार्रवाई हुई थी। उमाशंकर सिंह उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के इकलाैते विधायक हैं। लखनऊ में आयकर विभाग के छापे की कार्रवाई बुधवार को देर शाम समाप्त हो गई, जबकि बलिया में गुरुवार को भी छापे की कार्यवाही जारी है। यह छापा उमाशंकर सिंह के पैतृक गांव खनवर स्थित आवास, करीबी भूपेंद्र सिंह के बुलाकी दास के मठिया गांव स्थित आवास और एक अन्य करीबी संजय सिंह, दाैलतपुर में प्रवीण सिंह के आवास समेत के यहां पड़ा है। विधायक के ठिकानों से अब तक बड़ी मात्रा में कैश और अन्य सामान मिलने की खबर है लेकिन विभाग ने अभी तक अधिकृत रूप से इस संबंध में काेई जानकारी नहीं दी है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को बलिया में विधायक के गांव खनवर में अधिकारी शादी के स्टीकर लगी कई गाड़ियों के साथ बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर पहुंचे थे। स्थानीय पुलिस भी उनके साथ थी। अधिकारियों ने विधायक के पैतृक गांव खनवर स्थित आवास को चारों ओर से घेर लिया और किसी के आने-जाने पर रोक लगा दी थी। कैंसर रोग से पीड़ित उमाशंकर सिंह के पुत्र युकेश सिंह की आयकर के छापे को लेकर प्रतिक्रिया सामने आयी है। गुरुवार को फेसबुक पर उन्होंने लिखा कि हम लोग आयकर विभाग की टीम का सहयोग कर रहे हैं। मेरे पिता उमाशंकर सिंह भी अपनी चिकित्सकीय आवश्यकताओं को देखते हुए सहयोग कर रहे हैं। वे समय से दवाएं भी ले रहे हैं।

दरअसल, चिकित्सकीय वजहों से उमाशंकर सिंह लखनऊ के अपने आवास में आइसोलेशन में हैं, जबकि विधायक के भाई रमेश सिंह और उनके पिता और पूरा परिवार पैतृक गांव वाले घर पर मौजूद हैं। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के सहयोगियों के मोबाइल नंबर बंद हैं। गुरुवार को तीन जगहों पर आयकर के छापे की पुष्टि विधायक के करीबी और रसड़ा के ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सतीश सिंह ने की औ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story