देश के 600 जिलाें में बागेश्वर सेवा मंडल का होगा गठन : पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

WhatsApp Channel Join Now
देश के 600 जिलाें में बागेश्वर सेवा मंडल का होगा गठन : पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री


देश के 600 जिलाें में बागेश्वर सेवा मंडल का होगा गठन : पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री


प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर सरकार द्वारा की जा रही तीन दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ समापन, शुक्रवार को लगेगा दरबार

प्रतापगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा के बेंती स्थित देवरहवा बाबा मंडपम में जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को धर्म, सनातन और राष्ट्रवाद का संदेश प्रमुखता से गूंजा। गुरुवार को कथा का तीसरा दिन था और विश्राम हुआ, वहीं शुक्रवार को बागेश्वर सरकार द्वारा दरबार लगाया जाएगा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने देश के करीब 600 जिलों में बागेश्वर सेवा मंडल गठित करने का संकल्प जताते हुए अगले छह वर्षों में प्रत्येक जिले में 11 हजार बागेश्वर सेवादार तैयार करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रभक्त तैयार किए जाएंगे, जो सनातन संस्कृति, गौमाता, गंगा, गीता और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित रहेंगे।

कथा के दौरान धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि दुनिया में एक ऐसा देश होना चाहिए, जहां दुनिया भर में सताए गए हिंदुओं को सम्मान और सुरक्षित स्थान मिल सके। भारत की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपरा को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनका अभियान केवल कथा सुनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में धार्मिक चेतना, एकता और राष्ट्रभक्ति का भाव जगाना भी उद्देश्य है। उन्होंने बागेश्वर सेवा मंडल की परिकल्पना को विस्तार से समझाते हुए कहा कि छह साल के भीतर देश के सभी जिलों तक इस अभियान को पहुंचाने का प्रयास है। प्रत्येक जिले में 11 हजार बागेश्वर सेवादार तैयार करने का लक्ष्य है।

इन सेवादारों के घरों में गाय हो, दरवाजे पर राष्ट्रध्वज या भगवा ध्वज लहराए, आसपास के मंदिर स्वच्छ रहें और उनमें नियमित पूजा-पाठ हो। इसके साथ ही हर महीने बैठक कर सामाजिक और धार्मिक विषयों पर चर्चा की जाए। हनुमान जी और सोने की लंका का प्रसंग सुनाकर उन्होंने समाज को सकारात्मक सोच का संदेश भी दिया। कहा कि सोना भी गलत जगह और गलत उद्देश्य से जुड़ जाए तो उसका विनाश हो सकता है। रावण ने जब हनुमान जी को लंका में बंदी बनाया तो उनकी शक्ति परखने के लिए पूंछ में आग लगवाई गई, लेकिन हनुमान जी सुरक्षित रहे और सोने की लंका जलकर राख हो गई।

इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि केवल बाहरी वैभव ही सब कुछ नहीं होता, बल्कि व्यक्ति के विचार, आचरण और कर्म महत्वपूर्ण होते हैं।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य का राजा भैया ने किया स्वागत

तीसरे दिन की कथा में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। बेंती पहुंचने पर जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने उनका स्वागत किया। उनके साथ प्रदेश और जिले के कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे भी कथा श्रवण के लिए पहुंचे। इनमें पूर्व विधायक धीरज ओझा, बृजेश सौरभ, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, हैदराबाद के हिंदू चेतना से जुड़े विधायक टी. राजा तथा टीवी पैनलिस्ट फैजुल रहमान प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा कई विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कथा में उपस्थिति दर्ज कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story