चंडीगढ़ में बब्बर खालसा के तीन आतंकी गिरफ्तार, विस्फोटक सामग्री बरामद

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित बस अड्डे के निकट से रविवार को आईईडी युक्त टिफिन बम मिलने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बब्बर खालसा के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो पंजाब के तरनतारन जिला तथा एक अमृतसर का रहने वाला है। यह तीनों पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता उर्फ नौ शेरा के संपर्क में थे। उसी के इशारे पर चंडीगढ़ में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार को आईएसबीटी-43 के पीछे जंगल क्षेत्र में जमीन में दबाकर रखा गया एक आईईडी टिफिन बरामद किया था। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर करीब 5 किलो जिलेटिन की छड़ें, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट कंट्रोल सिस्टम, एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये। पुलिस को आशंका है कि चंडीगढ़ में किसी बड़े ठिकाने को निशाना बनाया जाना था।

पुलिस ने तरनतारन जिले के गांव सरहाली निवासी लवप्रीत सिंह (19), गांव देवबाथ निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21) और अमृतसर के गांव तरसिक्का निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों के तार बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े बताए जा रहे हैं।

ऑपरेशन सेल की टीम ने सबसे पहले इनके पास से एक पिस्तौल बरामद की। पूछताछ के दौरान आईईडी के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। बरामद सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है। इस मामले में आज और खुलासे होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story