आयुष्मान वय वंदना योजना के दो साल पूरे, 23.46 लाख अस्पताल में भर्ती मामलों में केन्द्र ने खर्च किए 5,668.80 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
आयुष्मान वय वंदना योजना के दो साल पूरे, 23.46 लाख अस्पताल में भर्ती मामलों में केन्द्र ने खर्च किए 5,668.80 करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार की आयुष्मान वय वंदना योजना के दो साल पूरे होने पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक सन्देश जारी करके कहा कि हमारे बुजुर्गों का सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अक्टूबर, 2024 को इस योजना की शुरुआत की थी। यह योजना 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना, 5 लाख रुपये तक के मुफ्त अस्पताल उपचार की सुविधा प्रदान करती है।

पिछले दो वर्षों में 1.38 करोड़ कार्ड बनाए जाना और 23.46 लाख अस्पताल में भर्ती के मामलों को मंज़ूरी मिलना दर्शाता है कि यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक उपचार तक पहुंच प्रदान कर रही है।

5,668 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अस्पताल उपचार अधिकृत होना इस वित्तीय सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा संचालित यह योजना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) का विस्तार है। इसका उद्देश्य देशभर में लगभग 4.5 करोड़ परिवारों के करीब 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा और इलाज के खर्च से राहत देना है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन से लेकर हृदय रोगों के उपचार तक विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

हृदय रोगों के इलाज को भी योजना के तहत विशेष महत्व दिया गया है। उन्नत हृदय उपचार और चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए 649 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story