आयुष अनुदान पोर्टल की शुरुआत, ग्रांट की प्रक्रिया होगी आसान

WhatsApp Channel Join Now
आयुष अनुदान पोर्टल की शुरुआत, ग्रांट की प्रक्रिया होगी आसान


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। अनुदान देने की प्रक्रिया को आसान, तेज़ और पारदर्शी बनाने के मकसद से मंगलवार को आयुष अनुदान पोर्टल की शुरुआत की गई। आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कर्तव्य भवन में इस पोर्टल की शुरुआत की।

जाधव ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया और “इज ऑफ डूइंग बिजनेस के विजन को बढ़ावा देती है। यह पोर्टल आयुष क्षेत्र की अनुदान प्रबंधन प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा, “इस पोर्टल का प्राथमिक उद्देश्य अनुदान प्रबंधन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, दक्षता, जवाबदेही और सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है।” उन्होंने बताया कि यह पोर्टल संगठनों और संस्थानों को पूरी तरह से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत करने में सक्षम बनाकर सरकार के कागज रहित शासन के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है। एनजीओ दर्पण पोर्टल के साथ एकीकरण से आवेदक संगठनों का प्रमाणीकरण और सत्यापन तेज, स्वचालित, विश्वसनीय और त्रुटिरहित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाएं, औषधीय पौधों की व्यवस्था, औषधि विनियमन, क्षमता निर्माण और वैश्विक पहुंच जैसे क्षेत्रों में एबीडीएम-अनुरूप आयुष ग्रिड पहल के तहत कई डिजिटल प्लेटफॉर्म पहले ही विकसित किए जा चुके हैं, जिससे पारदर्शी और नागरिक-हितैषी सेवा वितरण सुनिश्चित हो रहा है।

इसके शुरु होने अब संस्थाएं और संगठन ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, पहले जो कागज़ी काम और मैन्युअल प्रक्रिया होती थी, उसे कम किया जाएगा, आवेदन की स्थिति को रीयल-टाइम में ट्रैक किया जा सकेगा, इससे अनुदान देने में पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी आएगी। इस पोर्टल को एनजीओ दर्पण से जोड़ा गया है, जिससे संस्थाओं का सत्यापन जल्दी और सही तरीके से होगा।

इस कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, संयुक्त सचिव डॉ. कविता जैन और आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story