अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी विरासत को रेल संपर्क से मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री योगी

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी विरासत को रेल संपर्क से मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री योगी


अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी विरासत को रेल संपर्क से मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री योगी


अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी विरासत को रेल संपर्क से मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री योगी


अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी विरासत को रेल संपर्क से मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री योगी


अयोध्या, 23 नवंबर (हि.स.)। अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पारिवारिक विरासत को आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगी। यह केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने वाली रेल सेवा नहीं, बल्कि साझा विरासत, जनआस्था और आर्थिक संभावनाओं को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।

यह बातें साेमवार काे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। उन्हाेंने ट्रेन के शुभारंभ काे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विरासत और विकास' के दृष्टिकोण का उदाहरण बताया। इस कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने वर्चुअली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का यह जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी। यह दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता और आपसी विश्वास को और सुदृढ़ करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनीतिक या भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, आत्मीयता, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से बना है। इसे राम-जानकी की परंपरा में 'रोटी-बेटी का रिश्ता' कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के उपरांत महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है। विवाह पंचमी सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों में इस प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर उनके प्रति विशेष आत्मीयता और सम्मान का भाव है।

योगी ने कहा कि जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा की स्थापना हुई थी। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस यात्रा में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और सामान्य श्रद्धालुओं का त्याग एवं सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर स्नेहपूर्वक अयोध्या पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री योगी ने भारत-नेपाल के धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते आ रहे हैं। मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा तथा चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ आने वाली श्रद्धालुओं की यात्रा दोनों देशों के बीच आस्था के इसी रिश्ते को प्रदर्शित करती है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा दुनिया में आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन करते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में भारत और नेपाल एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति 'पड़ोसी प्रथम' की भावना के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ लगभग 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनकपुर के माता जानकी मंदिर परिसर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय अयोध्या में पहली बस का स्वागत करने का अवसर मिला था। अब रेल संपर्क के माध्यम से दोनों धामों के बीच संबंधों को और विस्तार मिल रहा है। उन्होंने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए कहा कि रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से जाता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे के निर्माण से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा में लगने वाले समय में लगभग आधी कमी आएगी।

सोमवार शाम अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थानसरयू-कमला एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15596) अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

17 कोच के आधुनिक एलएचबी रैक से होगा संचालन

सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है।

10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

इस रेलसेवा को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story