पश्चिमी बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में आरोपित शूटर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार
अयोध्या, 11 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए (वैयक्तिक सहायक) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या से आरोपित शूटर राज सिंह को गिरफ्तार किया गयाI अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने साेमवार काे बताया कि इस मर्डर केस की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस ने रविवार देर छापेमारी कर आरोपित मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह निजी वाहन से भागने की फिराक में था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोलकाता पुलिस को इनपुट मिला था कि हत्या में शामिल एक संदिग्ध शूटर लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहा है। इस सटीक सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ बंगाल पुलिस की टीम ने समन्वय स्थापित किया और कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के बूथ नंबर चार के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध की प्राइवेट कार को पुलिस ने चारों तरफ से घेर कर युवक को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक राज सिंह की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ में एक शादी समारोह से लौट रहा था ।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

