अयोध्या में दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम योगी एक साथ करेंगे रामलला की आरती, एक लाख दीपों से जगमगाएगा मंदिर परिसर

WhatsApp Channel Join Now
अयोध्या में दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम योगी एक साथ करेंगे रामलला की आरती, एक लाख दीपों से जगमगाएगा मंदिर परिसर


अयोध्या में दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम योगी एक साथ करेंगे रामलला की आरती, एक लाख दीपों से जगमगाएगा मंदिर परिसर


- पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज करेंगे उपराष्ट्रपति का स्वागत

अयोध्या, 06 नवंबर (हि.स.)। श्रीरामजन्मभूमि मन्दिर में दीपोत्सव के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक साथ श्रीरामलला की आरती करेंगे। आरती का समय अपराह्न 2:30 से 3 बजे के मध्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव स्वामी गोविन्ददेव गिरि महाराज उपराष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। न्यास की धार्मिक समिति के पाँच सन्त भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। व्यवस्थाओं के समन्वय हेतु न्यास के सचिव जगदीश आफले एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहेंगे।

दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को यात्री सुविधा केन्द्र (पीएफसी) के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। सभी क्षेत्र प्रभारियों ने बताया कि शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन की समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर श्रीराम मन्दिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे।

इस आयोजन में न्यास की व्यवस्थाओं से जुड़े लगभग 1,500 श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलन का कार्य करेंगे। उनके अतिरिक्त आमंत्रित परिवारीजनों सहित लगभग 1,500 अन्य श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक सहभागी होंगे। इस प्रकार लगभग 3,000 श्रद्धालु श्रीराम मन्दिर परिसर में आयोजित दीपोत्सव के सहभागी एवं साक्षी बनेंगे। सभी आमंत्रित श्रद्धालुओं का मन्दिर परिसर में प्रवेश दोपहर 12 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। उनके लिये प्रवेश-पत्रों की व्यवस्था भी पूर्ण कर ली गई है।

शुक्रवार की बैठक में स्वामी गोविन्ददेव गिरि महाराज ने दीपोत्सव की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया तथा सभी को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (कानून-व्यवस्था) इन्द्रकान्त द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) विजय शंकर मिश्र ने प्रशासनिक एवं सुरक्षा सम्बन्धी आवश्यकताओं से अवगत कराया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र ने इन आवश्यकताओं के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिये।

------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773675 Articles

Share this story