मोदी के नेतृत्व में सोनार बांग्ला बनेगा पश्चिम बंगाल : आठवले

WhatsApp Channel Join Now
मोदी के नेतृत्व में सोनार बांग्ला बनेगा पश्चिम बंगाल : आठवले


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री और आरपीआई-(ए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना में भाजपा के निर्णायक बढ़त पर कहा कि आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सोनार बांग्ला बनाने का काम किया जाएगा। जहां हर नागरिक को रोजगार, सुरक्षा, और सम्मान प्रदान कर तथा बंगाली अस्मिता को पुनः स्थापित कर सोनार बांग्ला को चरितार्थ किया जाएगा।

आठवले ने सोमवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश की जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है, जिसका प्रमाण विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में प्राप्त जनादेश है। यह विजय प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और मजबूत करती है तथा राष्ट्र के विकास-पथ को नई गति देती है।

उन्होंने कहा कि विगत अनेक वर्षों से भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार से जनता की नाराजगी, महिलाओं की सुरक्षा पर उठते सवाल और केंद्र की विभिन्न योजनाओं का लाभ राज्य में न मिलने से उपजा असंतोष ही तृणमूल कांग्रेस की करारी हार का मुख्य कारण बना। जनता ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मतदान के माध्यम से उसको आईना दिखाने का काम किया है। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस प्रकार की घटनाओं पर विराम लगना तय है।

आठवले ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि आरपीआई-(ए) ने पश्चिम बंगाल की सभी सीटों पर भाजपा-नीत राजग प्रत्याशियों का पूर्ण रूप से समर्थन किया था और पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत हम सभी के लिए असीम प्रसन्नता और गौरव का विषय है। भाजपा के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर होगा।

आरपीआई-(ए) के अध्यक्ष आठवले ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अभूतपूर्व प्रदर्शन, असम में लगातार तीसरी बार की जीत तथा पुडुचेरी में पुनः भाजपा-नीत राजग सरकार का गठन जनता के विकास और सुशासन के प्रति निरंतर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story