अटल जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा केंद्रीय कार्यालय में भव्य दीपोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
अटल जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा केंद्रीय कार्यालय में भव्य दीपोत्सव


नई दिल्ली, 24 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव मनाया गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और उपराष्ट्रपति एवं अटल स्मृति न्यास सोसायटी के अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर इस भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और अजातशत्रु श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्रद्धेय अटलजी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उनका मूल्यों व आदर्शों पर आधारित जीवन हम करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए एक अनमोल धरोहर है। राष्ट्र के लिए उनका अनन्य समर्पण, गरीब कल्याण के सतत प्रयास व अद्वितीय संगठन कौशल सदैव हमारी प्रेरणा है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह, कार्यालय सचिव महेंद्र कुमार और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं भाजपा केंद्रीय कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर देशभर में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उनके जन्म शताब्दी वर्ष को देशभर में अटल स्मृति वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है जिसमें पूरे एक वर्ष तक कवि सम्मेलन, संगोष्ठियां, विचार गोष्ठी और वैचारिक कार्यक्रम सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे जिनके माध्यम से अटलजी के जीवन, कृतित्व, विचारधारा और उनके जीवन एवं देश के विकास में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान भाजपा, अटलजी के समकालीन विशिष्ट व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story