दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)।

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने के धमकी भरे ई-मेल के बाद मंगलवार को परिसर और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी हैै। पुलिस अधिकारी के अनुसार धमकी की जानकारी मिलने के बाद बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, आपदा प्रबंधन, दमकल विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर विधानसभा परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिला है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच एजेंसी और उत्तरी जिला पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से विधानसभा परिसर की जांच की। सर्च ऑपरेशन के दौरान हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। धमकी भरे मेल को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर टीम भी अलर्ट पर है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र के मंदिर को इस तरह से डराना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां उन्हें उनके संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन से नहीं रोक सकतीं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story