पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में असम एसटीएफ ने एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में असम एसटीएफ ने एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार


गुवाहाटी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी में कथित जासूसी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए असम स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी पर पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) के साथ संपर्क रखने और सुरक्षा बलों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप है।

असम पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को आधिकारिक जानकारी में बताया कि एसटीएफ) थाने में दर्ज केस नंबर 09/2026 की आगे की जांच के दौरान मूल रूप से बिहार के बेगूसराय निवासी रितेश कुमार सिंह (39) को गुवाहाटी के सातगांव में एक किराए के घर से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। बाद में उन्हें मुख्य आरोपित अभिषेक कुमार सिंह की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

गाैरतलब है कि, अभिषेक को इसी मामले में बीते रविवार को गुवाहाटी से ही गिरफ्तार किया गया था।

शुरुआती जांच से पता चला है कि रितेश कुमार सिंह जासूसी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था, जिसमें सुरक्षा बलों से जुड़ी गुप्त जानकारी पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) तक पहुंचाना भी शामिल है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story