असम के श्रीभूमि में लगभग 10 करोड़ की याबा टैबलेट्स बरामद, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
असम के श्रीभूमि में लगभग 10 करोड़ की याबा टैबलेट्स बरामद, तीन गिरफ्तार


श्रीभूमि (असम), 14 जुलाई (हि.स.)। श्रीभूमि जिला के रामकृष्णनगर समजिला पुलिस को एक बार फिर अपने एंटी-ड्रग ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये की 80,000 याबा टैबलेट्स के साथ तीन ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान श्रीभूमि के राताबारी पुलिस स्टेशन के तहत दलग्राम इलाके के इनाम हुसैन, शमीम उद्दीन और डोलुगांग के अल्ताफ हुसैन के रूप में हुई है।

श्रीभूमि जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लीना दौले ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर आज (मंगलवार) रामकृष्णनगर समजिला पुलिस अधिकारी (सीडीएसपी) अंशुल शर्मा, रामकृष्णनगर पुलिस थानाध्यक्ष प्रियब्रत शर्मा और दूसरे पुलिसकर्मियों ने चन्नीघाट इलाके में नाका लगाकर सर्च ऑपरेशन चलाया। एक जगह, मिज़ोरम से आ रही बिना नंबर प्लेट वाली चार पहिया वाली मारुति इकोवैन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 240 साबुनदानी से 80,000 याबा टैबलेट बरामद किए गए। इनकी ब्लैक मार्केट कीमत करीब 10 करोड़ रुपये के आसपास बतायी गयी है। इनाम हुसैन, शमीम उद्दीन और अल्ताफ हुसैन को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद होने की खबर मिलने के बाद श्रीभूमि जिला मुख्यालय से एसएसपी लीना दौले वहां पहुंचीं। गिरफ्तार किए गए तीनों ड्रग्स तस्करों से उनकी मौजूदगी में पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में दिए गए कबूलनामे के आधार पर, तीनों के खिलाफ एनडीपीएस की खास धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story