असम राज्यसभा चुनाव: तीन सीटों के लिए भाजपा व गठबंधन के उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
असम राज्यसभा चुनाव: तीन सीटों के लिए भाजपा व गठबंधन के उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन


असम राज्यसभा चुनाव: तीन सीटों के लिए भाजपा व गठबंधन के उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन


असम राज्यसभा चुनाव: तीन सीटों के लिए भाजपा व गठबंधन के उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन


गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। असम की खाली होने वाली तीन राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्वाधीन गठबंधन के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा की ओर से कैबिनेट मंत्री योगेन महन और दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेरेस ग्वाला ने नामांकन पत्र जमा किया। वहीं तीसरी सीट के लिए भाजपा गठबंधन के सहयोगी दल यूपीपीएल (यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल) के अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो ने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के दौरान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य तथा गठबंधन सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप), यूपीपीएल और भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे।

किसी अन्य दल की ओर से उम्मीदवार सामने नहीं आने के कारण माना जा रहा है कि भाजपा गठबंधन के ये तीनों उम्मीदवार बिना प्रतिद्वंद्विता राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो सकते हैं।

दरअसल, 9 अप्रैल को असम के तीन राज्यसभा सांसदों भुवनेश्वर कलिता, अजीत कुमार भुइयां और रामेश्वर तेली का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें से दो सीटें वर्तमान में भाजपा के पास हैं, जबकि एक सीट विपक्ष के पास है।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। बिहार सहित 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव निर्धारित है। इनमें महाराष्ट्र की 7, तमिलनाडु की 6, बिहार और पश्चिम बंगाल की 5-5, ओडिशा की 4, असम की 3, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश की 1 सीट शामिल है।

हालांकि, 9 मार्च को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि असम में मतदान की आवश्यकता पड़ेगी या नहीं। यदि किसी सीट पर मुकाबला नहीं होता है, तो उम्मीदवारों को बिना मतदान के ही निर्वाचित घोषित किया जा सकता है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story