असम-नगालैंड सीमा पर तेल-गैस अन्वेषण के लिए त्रिपक्षीय समझौता आज, अमित शाह भी रहेंगे मौजूद

WhatsApp Channel Join Now
असम-नगालैंड सीमा पर तेल-गैस अन्वेषण के लिए त्रिपक्षीय समझौता आज, अमित शाह भी रहेंगे मौजूद


गुवाहाटी, 11 जून (हि.स.)। असम-नगालैंड सीमा क्षेत्र में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के अन्वेषण एवं उत्पादन को गति देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार और दोनों राज्यों के बीच एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौता (एमओयू) गुरुवार को नई दिल्ली में संपन्न होने जा रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम गृह मंत्रालय के कार्यालय में गुरुवार शाम लगभग 6:30 बजे आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो तथा केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित केंद्र और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

यह समझौता असम-नगालैंड सीमा के उन संसाधन-संपन्न क्षेत्रों में तेल एवं गैस अन्वेषण का मार्ग प्रशस्त करेगा, जो लंबे समय से अंतरराज्यीय सीमा विवादों के कारण पूरी तरह विकसित नहीं हो सके हैं। माना जा रहा है कि इस पहल से क्षेत्र में ऊर्जा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

एमओयू के तहत संयुक्त अन्वेषण और उत्पादन गतिविधियों के लिए एक संस्थागत ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही राजस्व साझेदारी, परियोजनाओं के संचालन और सीमा क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित तंत्र भी विकसित किया जाएगा।

केंद्र सरकार इस समझौते को सहकारी संघवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है। इसके माध्यम से न केवल ऊर्जा संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि असम और नगालैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवादों को कम करने और आपसी विश्वास व सहयोग को मजबूत करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story