भारत में घुसपैठ के दौरान असम के जोगीघोपा में पकड़े गए 13 बांग्लादेशी

WhatsApp Channel Join Now
भारत में घुसपैठ के दौरान असम के जोगीघोपा में पकड़े गए 13 बांग्लादेशी


बंगाईगाव (असम), 26 नवम्बर (हि.स.)। असम के जोगीघोपा में पुलिस ने अवैध रूप से बांग्लादेशी नागरिकों के जिले में प्रवेश करने की सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। यह विशेष अभियान गुरुवार की तड़के जोगीघोपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारायण सेतु पर चलाया गया।

बंगाईगांव जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नोमल महतो ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि सीमावर्ती राज्यों से कुछ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक जिले में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान ऑटो-रिक्शा से जिले की सीमा पार करने का प्रयास कर रहे 13 लोगों को पकड़ा गया।

हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अहाद अली (20), अमीन खान (24), अमीनुल इस्लाम (18), अशादुल अली (25), इसरुल इस्लाम (24), जेम शेख (21), मसरुल इस्लाम (22), मिजेन शेख (21), मिथोन शेख (26), मोहम्मद राशेल अली (20), मोहम्मद मोतलेब (20), परवेज शेख (21) और समीम अली (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी ने अपने पते बांग्लादेश के राजशाही और चपाई नवाबगंज जिलों के विभिन्न क्षेत्रों के बताए हैं।

फिलहाल, हिरासत में लिए गए सभी 13 व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके भारत में प्रवेश के उद्देश्य, यात्रा की योजना और अन्य संबंधित जानकारियां जुटाने में लगी हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बांग्लादेशी घुसपैठिए पड़ोसी राज्य मेघालय के रास्ते भारत में प्रवेश करने में सफल रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही उनके भारत में प्रवेश से संबंधित वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story