(अपडेट) गुवाहाटी में 10 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, वापस भेजे जाएंगे

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) गुवाहाटी में 10 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, वापस भेजे जाएंगे


गुवाहाटी, 24 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के पलटन बाजार इलाके से पुलिस ने मंगलवार देर रात 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वे सही पहचान और यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा पाए थे। पलटन बाजार पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इन लोगों को पहले पलटन बाजार पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में जांच-पड़ताल और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बॉर्डर पुलिस को सौंप दिया।

अधिकारी ने कहा, इन लोगों की जांच-पड़ताल पूरी हो गई है। उन्होंने माना है कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं। अब उन्हें वापस भेजा जाएगा। पुलिस ने उस लॉज पर भी ध्यान दिया है जहां यह ग्रुप ठहरा हुआ था। लॉज के मालिक, जिनकी पहचान हृदय डेका के तौर पर हुई है, की जांच की जा रही है क्योंकि उन्होंने जरूरी पहचान दस्तावेज लिए और उनकी जांच किए बिना ही इन लोगों को वहां ठहरने दिया था।

यह कार्रवाई बीते 19 जून को गुवाहाटी के आर्य नगर इलाके से 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़े जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। वे लोग भी सही पहचान और यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा पाए थे और अधिकारियों द्वारा जांच-पड़ताल के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया था।

पुलिस ने कहा कि शहर में चल रहे वेरिफिकेशन अभियान के तहत अवैध रूप से घुसने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिशें जारी है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story