असम में बाढ़ से 12 जिलों 147376 आबादी प्रभावित, 1 और शव मिला

WhatsApp Channel Join Now
असम में बाढ़ से 12 जिलों 147376 आबादी प्रभावित, 1 और शव मिला


गुवाहाटी, 09 अगस्त (हि.स.)। असम में विनाशकारी बाढ़ का असर अभी भी राज्य के विभिन्न इलाकों में देखने को मिल रहा है। इस बीच, राज्य सरकार 10 अगस्त से स्कूलों को खोलने की योजना बना रही है। हालांकि स्कूलों में कीचड़ भरा हुआ है। ऊंचाई वाले विद्यालयों में प्रभावित लोग आश्रय लिए हुए हैं। ऐसे में शिक्षण कार्य तय तिथि पर शुरू हो पाएगा या नहीं, यह देखना होगा। ऊपरी असम के शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट में लोगों का सामान्य जीवन अभी भी बुरी तरह से प्रभावित है। राज्य के 12 जिले अभी भी बाढ़ प्रभावित हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 8 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार धनसिरि नदी (नुमलीगढ़ और गोलाघाट) तथा कुसियारा नदी (श्रीभूमि) इलाके में खतरे के निशान से अभी भी ऊपर बह रही है। शनिवार को गोलाघाट जिले में 1 और शव बरामद हुआ है। इस तरह बाढ़ से राज्य में मृतकों की कुल संख्या 98 पहुंच गई है।

बाढ़ प्रभावित 12 जिलों में शोणितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरंग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिश्वनाथ शामिल हैं। इन जिले के 30 राजस्व मंडलों के कुल 460 गांव प्रभावित हैं। राज्य की कुल 147376 आबादी अभी भी प्रभावित हैं एवं 10599.89 हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूबी हुई है।

राहत एवं बचाव अभियान में एसडीआरएफ, सेना/अर्धसैनिक बल, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, एयर फोर्स, पुलिस, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं (एफ एंड ईएस), सर्कल कार्यालय/स्थानीय प्रशासन, नागरिक सुरक्षा/प्रशिक्षित स्वयंसेवक और अग्निशमन विभाग जुटा हुआ है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में शनिवार को राज्य सरकार ने कुल 55 मेडिकल टीमों को तैनात किया। 10 नावें भी राहत कार्य में जुटी रहीं। इस बीच नावों के जरिए बाढ़ प्रभावित 135 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं 5 मवेशियों को भी नावों के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

बाढ़ से बड़े पैमाने पर सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इसकी मरम्मत के लिए सरकार लगातार समीक्षा बैठक कर हालात का जायजा ले रही है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा एवं राज्य सरकार के कई मंत्री लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावितों की मदद के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story