कार्बी आंगलोंग पहाड़ी जिले के दूरस्थ पोलिंग स्टेशनों के लिए 21 पोलिंग टीमें दो दिन पहले रवाना

WhatsApp Channel Join Now
कार्बी आंगलोंग पहाड़ी जिले के दूरस्थ पोलिंग स्टेशनों के लिए 21 पोलिंग टीमें दो दिन पहले रवाना


कार्बी आंगलोंग (असम), 07 अप्रैल (हि.स.)। असम के पहाड़ी जिले कार्बी आंगलोंग में आगामी (09 अप्रैल) को होने वाले मतदान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में स्थित 21 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग टीमें मंगलवार को डिफू गवर्नमेंट कॉलेज से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। मतदान से दो दिन पहले ही इन टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।

पोलिंग टीमों को रवाना करते हुए जिला चुनाव अधिकारी अरण्यक सैकिया ने उनके सुरक्षित सफर और सफल दायित्व निर्वहन की कामना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पोलिंग कर्मचारियों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मजबूत नींव है। उन्होंने कर्मचारियों को लोकतंत्र का आधार बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत से हर पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार का उपयोग कर सकेगा।

उल्लेखनीय है कि ये 21 मतदान केंद्र बोकाजान विधानसभा क्षेत्र नंबर 108, हावराघाट विधानसभा क्षेत्र नंबर 109 और डिफू विधानसभा क्षेत्र नंबर 110 के हैं। इन पोलिंग स्टेशनों पर कुल 11,021 मतदाता हैं। इनमें से 5,619 पुरुष और 5,402 महिला शामिल हैं। बोकाजान विधानसभा क्षेत्र नंबर 108 के तहत आठ (8) मतदान केंद्रों पर 3,483 मतदाता , हावराघाट विधानसभा क्षेत्र नंबर 109 के तहत 10 मतदान केंद्रो पर 6,468 मतदाता और डिफू विधानसभा क्षेत्र नंबर 110 के जवलियां इलाके में तीन (3) मतदान केंद्रों पर 1,070 मतदाता हैं।

ये सभी मतदान केंद्र दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण है। सामान्य परिस्थितियों में भी कई स्थानों तक केवल चार पहिया वाहनों से ही पहुंचा जा सकता है, जबकि बारिश के मौसम में रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो जाते हैं। ऐसे हालात में पोलिंग कर्मियों को कई बार लंबी दूरी तक पैदल चलकर अपने केंद्रों तक पहुंचना पड़ता है।

इन चुनौतियों के बावजूद चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story