असम के तीन जिलों में भूकंप के झटके, कोकराझार में सबसे ज्यादा 4.5 तीव्रता दर्ज
गुवाहाटी, 09 मई (हि.स.)। असम के धुबड़ी, कोकराझार और बंगाईगांव जिलों में शनिवार को अलग-अलग समय पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल कहीं से भी किसी जानमाल के नुकसान या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
भारतीय सिस्मोलॉजी केंद्र के अनुसार, सबसे तेज झटका कोकराझार जिले में दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसका एपीक सेंटर 26.214 उत्तरी अक्षांश और 90.103 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
इसके बाद धुबड़ी जिले में दोपहर 3 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसका एपीक सेंटर 26.270 उत्तरी अक्षांश और 90.163 पूर्वी देशांतर पर बताया गया।
वहीं, बंगाईगांव जिले में दोपहर 12 बजकर 03 मिनट पर हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 5 किलोमीटर नीचे स्थित था। इसका एपीक सेंटर 26.488 उत्तरी अक्षांश और 90.665 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
भूकंप के झटकों के बाद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल देखा गया और कई लोग घरों तथा कार्यालयों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
गौरतलब है कि, पूर्वोत्तर भारत लगातार भूकंपीय गतिविधियों का सामना कर रहा है। बीते 8 मई को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जबकि अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले में 3.6 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। इसके अलावा 7 मई को मेघालय में 3.0, असम में 2.7 और अरुणाचल प्रदेश में 3.6 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, पूरा पूर्वोत्तर क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। नवंबर, 2025 में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा जारी नए भूकंपीय क्षेत्र निर्धारण मानचित्र (आईएस 1893:2025) में पूर्वोत्तर भारत को उच्चतम जोखिम वाले जोन-VI में शामिल किया गया है। इससे पहले यह क्षेत्र जोन-V में आता था, लेकिन बढ़ते भूकंपीय जोखिम को देखते हुए इसे नई उच्चतम श्रेणी में रखा गया है। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

