(अपडेट) डिगारू में कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) डिगारू में कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित


गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। यह जानकारी पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने दी।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर डिगारू रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी। गुवाहाटी से करीब 44 किलोमीटर दूर स्थित इस स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए एक्सप्रेस को रिसीव किया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट गति को नियंत्रित नहीं कर सके, जिसके कारण इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। फंसे हुए यात्रियों की आगे की यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष ट्रेन घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। यात्रियों को पेयजल और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे ने बताया कि अप लाइन पर रेल परिचालन बहाल कर दिया गया है और अप तथा डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। विभिन्न स्थानों पर रोकी गई ट्रेनों को धीरे-धीरे उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।

इस घटना के कारण कुछ स्थानीय ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से समाप्त किया गया है। ट्रेन संख्या 15769 अलीपुरद्वार जंक्शन-मरियानी जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस को कामाख्या में आंशिक रूप से समाप्त कर दिया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 75727/75728 गुवाहाटी-हैबरगांव-गुवाहाटी डीएमयू सेवा रद्द कर दी गई है।

यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय किए गए हैं।

हेल्पलाइन नंबर:

कटिहार: 9002041806, 9002041952, 9771441956

किशनगंज: 06456226794, 06456226795

न्यू जलपाईगुड़ी: 6287699880

गुवाहाटी: 03612731621, 2731622, 2731623

लामडिंग: 03674263858, 265958, 263831

बदरपुर: 03843269546, 269548, 268424, 269547

सिलचर: 03842245414, 245419, 245423।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775157 Articles

Share this story