(अपडेट) असम : ऑयल इंडिया के कलेक्टिंग स्टेशन में विस्फोट के बाद लगी आग, एक की मौत और छह घायल
डिब्रूगढ़ (असम), 06 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के टेंगाखात स्थित ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के परिसर में शुक्रवार सुबह भीषण हादसा हो गया। यहां ऑयल कलेक्टिंग स्टेशन (ओसीएस) के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (आईटीएफ) में विस्फोट के बाद आग लग गई। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि छह अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक की पहचान राजू दत्ता के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट ऑयल इंडिया के कच्चे तेल के भंडारण क्षेत्र में हुआ। विस्फोट के बाद टैंक फार्म में आग की लपटें उठने लगीं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय वहां कई कर्मचारी काम कर रहे थे।
हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान टेंगाखात निवासी सैलेन गोगोई (45), मिलन नगर, डिब्रूगढ़ निवासी तापस गोगोई (40), कुमुद गोगोई (38), गोलाप दत्ता (58) और इंद्र गोगोई (40) के रूप में हुई है। अन्य घायलों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सभी घायलों को उपचार के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल कर्मचारी मुंबई की कंपनी स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम कर रहे थे। इस कंपनी को ऑयल इंडिया लिमिटेड ने कार्य सौंपा था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती रिपोर्टों में राजू दत्ता के विस्फोट के बाद लापता होने की बात कही गई थी। हालांकि, बाद में उनकी मौत की जानकारी सामने आई।
फिलहाल, विस्फोट और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे में हुए नुकसान और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

