असम में 19 करोड़ से अधिक कीमत के याबा टैबलेट्स जब्त, एक गिरफ्तार
गुवाहाटी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर अभियान चलाते हुए बीती रात 19 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की याबा टैबलेट्स जब्त कर एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर पोस्ट शेयर करते हुए उपरोक्त जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा है कि मिशन इम्पॉसिबल? असम में तो बिल्कुल नहीं! पुलिस की कार्य कुशलता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि सीमा पर गाड़ी बदलने से भी नतीजा नहीं बदलने वाला है।
कछार पुलिस ने 19.6 करोड़ की कीमत की 78,400 संदिग्ध 'याबा' टैबलेट्स ज़ब्त करने के साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही याबा टैबलेट्स ले जाने के लिए व्यवहार की जा रही कार (एएस-11जेड-7188) को भी जब्त किया है। उन्होंने बताया है कि असम पुलिस यह पक्का कर रही है कि इन अपराधियों की कहानी का कोई 'सीक्वल' न बन पाए। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, असम सरकार मादक पदार्थों के विरूद्ध एक व्यापक अभियान पूरे राज्य में छेड़ रखा है। जिसका नतीजा है कि आए दिन बड़े पैमाने पर हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, याबा टैबलेट्स समेत अन्य तरह के मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ ही तस्करों की भी धर-पकड़ हो रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

