बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की हत्या पर असम भाजपा ने की कड़ी निंदा

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की हत्या पर असम भाजपा ने की कड़ी निंदा


- अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग

गुवाहाटी, 07 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की नृशंस हत्या ने पूरे देश के सभ्य समाज की अंतरात्मा को गहराई से झकझोर दिया है। इस घटना को लेकर असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र और समाज के लिए बेहद चिंताजनक बताया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और वैचारिक भिन्नताएं हो सकती हैं, लेकिन हिंसा और हथियारों के बल पर राजनीतिक बदला लेना किसी सभ्य समाज की पहचान कभी नहीं हो सकता।

असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय से गुरुवार काे जारी बयान में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनावों में लोगों ने निडर होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग किया और भाजपा के पक्ष में एक स्पष्ट जनादेश दिया। हालांकि, लोगों के जनादेश का सम्मान करने के बजाय, तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी ताकतों के कुछ तत्व एक बार फिर राज्य में हिंसा, भय और राजनीतिक प्रतिशोध का माहौल बनाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इस तरह के घटनाक्रम बेहद चिंताजनक और निंदनीय हैं।

पश्चिम बंगाल का प्रत्येक नागरिक शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की आकांक्षा रखता है। ऐसी बर्बरता और क्रूरता की घटनाओं के लिए किसी भी सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। असम प्रदेश भाजपा इस जघन्य कृत्य की स्पष्ट रूप से और कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करती है और एक निष्पक्ष जांच की मांग करती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दोषियों को कानून के तहत सबसे कठोर दंड देकर न्याय के कटघरे में लाया जाए।

भाजपा ने कहा है कि हम यह भी उजागर करना चाहते हैं कि राजनीतिक सत्ता खोने के बाद, कुछ निहित स्वार्थों ने कथित तौर पर विभिन्न स्तरों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ बार-बार नृशंस हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया है। हम उन सभी लोगों को अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई और दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और एकजुटता व्यक्त करते हैं।

भाजपा ने अपने बयान में कहा है कि पश्चिम बंगाल की धरती, जो गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जन्मस्थली के रूप में पवित्र है, ने इस बार विधानसभा चुनावों में अपना जनादेश भाजपा को सौंपा है। भाजपा लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित एक स्वस्थ, पारदर्शी और लोकतांत्रिक सरकार स्थापित करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story