भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना


गुवाहाटी/जागीरोड, 30 मार्च (हि.स.)। असम के जागीरोड क्षेत्र के देवशाल में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक विशाल चुनावी सभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जागीरोड विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार पीयूष हजारिका के समर्थन में प्रचार किया।

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार असम के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा असम और पूर्वोत्तर के लगातार दौरों से क्षेत्र को नई पहचान मिली है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का इस तरह का जुड़ाव देखने को नहीं मिला।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में भूमिका की सराहना करते हुए जनता से अपील की कि विकास को गति देने के लिए पीयूष हजारिका को भारी मतों से विजयी बनाएं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के समय बाहरी निवेशक असम में निवेश करने से कतराते थे, लेकिन भाजपा के पिछले 10 वर्षों के शासनकाल में निवेश का माहौल पूरी तरह बदल गया है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, एनडीए उम्मीदवार रमाकांत देउरी, शशिकांत दास, डॉ. तपन दास, खलीलुर रहमान, अनिल सैकिया सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा में हजारों लोगों की उपस्थिति को लेकर उम्मीदवार पीयूष हजारिका ने कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि, राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन असम के दो दिवसीय दौरे पर रविवार को डिब्रूगढ़ पहुंचे थे। जहां उन्होंने मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इसके बाद वे चुनाव प्रचार करने तिनसुकिया जिले के मार्घेरिटा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखीमपुर जिले के बिहपुरिया में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। खराब मौसम के बावजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभाओं में लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story