चुनाव 26 : असम दौरे पर आएंगे ओवैसी, एआईयूडीएफ उम्मीदवारों के लिए करेंगे चुनाव प्रचार

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव 26 : असम दौरे पर आएंगे ओवैसी, एआईयूडीएफ उम्मीदवारों के लिए करेंगे चुनाव प्रचार


गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के चुनाव अभियान को मजबूती देने के लिए फॉर्म ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी अप्रैल के शुरुआत में असम का दौरा करेंगे। यह जानकारी एआईयूडीएफ अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने शुक्रवार को दी।

अजमल ने बताया कि यह दौरा दिल्ली में उनके पुत्र अब्दुल रहमान अजमल और ओवैसी के बीच हुई बैठक के बाद तय किया गया। उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद उनसे भी बातचीत कर असम आने पर सहमति बनी। इस दौरे के दौरान कम से कम आठ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

इससे पहले ओवैसी ने एआईयूडीएफ को समर्थन देने की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय अजमल के अनुरोध के बाद लिया गया। ओवैसी ने कहा कि अब्दुल रहमान अजमल ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और उनकी बदरुद्दीन अजमल से फोन पर भी बातचीत हुई।

अपने प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे के दौरान गुवाहाटी सहित विभिन्न स्थानों पर ओवैसी के कई जनसभाओं को संबोधित करने की संभावना है। इसे उन क्षेत्रों में जहां अल्पसंख्यक मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं, वोटों के ध्रुवीकरण की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

इसी बीच, एआईएमआईएम पूर्वी भारत में अपने विस्तार के प्रयास भी तेज कर रही है। हाल ही में पश्चिम बंगाल में आम जनता उन्नयन पार्टी को समर्थन देकर पार्टी ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाई है।

विश्लेषकों का मानना है कि असम और पश्चिम बंगाल में एआईएमआईएम की समानांतर राजनीतिक सक्रियता क्षेत्रीय राजनीति के समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story