असम विस चुनाव प्रचार के लिए गुवाहाटी पहुंचे अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
असम विस चुनाव प्रचार के लिए गुवाहाटी पहुंचे अमित शाह


गुवाहाटी, 28 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को अपने दाे दिवसीय दाैरे पर गुवाहाटी पहुंचे। लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया तथा अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

इस दौरे के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री राज्य में पार्टी के चुनावी अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से जनसभाओं, रोड शो और संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने का कार्यक्रम निर्धारित है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में शाम करीब 6 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न टोलियों के साथ चर्चा करेंगे।

अमित शाह 29 मार्च को असम के कई स्थानों पर पार्टी के चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। ढेकियाजुली और टिहू क्षेत्र के सामता में होने वाली दो चुनावी सभाओं में अमित शाह हिस्सा लेंगे। चुनाव प्रचार सभाओं तथा रोड शो में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सहित पार्टी के पदाधिकारी और मित्र दल के शीर्ष नेतृत्व उपस्थित रहेंगे। भाजपा के स्टार प्रचारक शाह के आगमन को लेकर भाजपा द्वारा जोरदार तैयारी की जा रही है। भाजपा ने प्रधानमंत्री समेत कुल 40 स्टार कैंपेनर को चुनाव मैदान में उतारा है।

आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असम दौरे के साथ ही राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता भी असम का दौरा करने वाले हैं।

इसके अलावा, राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा लाेकसभा सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य नेता भी चुनाव प्रचार के लिए असम आने वाले हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story