ओवैसी ने ‘मियां’ समुदाय से एआईयूडीएफ के पक्ष में एकजुट होने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
ओवैसी ने ‘मियां’ समुदाय से एआईयूडीएफ के पक्ष में एकजुट होने की अपील की


गुवाहाटी, 03 अप्रैल (हि.स.)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख व हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को असम के बराक घाटी में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के समर्थन में चुनावी प्रचार को तेज करते हुए ‘मियां’ समुदाय से एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करने की अपील की।

चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए ओवैसी ने “मियां जिंदाबाद” के नारे लगाए और कहा कि इस बार समुदाय को संगठित होकर एआईयूडीएफ के पक्ष में मतदान करना चाहिए ताकि भाजपा को पराजित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘मियां’ समुदाय का अस्तित्व और उसकी पहचान हमेशा बनी रहेगी।

सांसद ओवैसी ने भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे कथित बेदखली अभियानों का विरोध करते हुए लोगों से 9 अप्रैल को मतदान के माध्यम से इसका जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गरीब अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने गरीब ‘मियां’ परिवारों के बेदखली के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट देने से समुदाय को कोई लाभ नहीं होगा।

ओवैसी ने यह भी कहा कि असम में ‘मियां’ समुदाय की सुरक्षा, अधिकार और सम्मान की लड़ाई केवल एआईयूडीएफ ही लड़ रही है और लोगों से पार्टी को समर्थन देने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story