घुसपैठियों को सीमा पार भेजेंगे, तीसरी बार असम में सरकार बनाएगी भाजपा : अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
घुसपैठियों को सीमा पार भेजेंगे, तीसरी बार असम में सरकार बनाएगी भाजपा : अमित शाह


गुवाहाटी/कछार, 20 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर कछार जिले के दौरे के दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले हर घुसपैठिए को वापस सीमा पार भेज दिया जाएगा।

सीमा क्षेत्र में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार असम को सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान अवैध घुसपैठियों के लिए दरवाजे खुले छोड़ दिए गए थे, लेकिन भाजपा ने न केवल घुसपैठ पर रोक लगाई बल्कि अवैध कब्जाधारियों से कई लाख बीघा भूमि भी मुक्त कराई। कांग्रेस ने सालों तक राज किया, लेकिन उसने असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। जो कांग्रेस 50 साल में नहीं कर पाई, वह हमने 10 साल में कर दिया।

अमित शाह ने विश्वास जताया कि असम को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ भाजपा राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डाॅ. हिमंत बिस्व सरमा ने लोगों से आह्वान किया कि कोई भी सनातनी व्यक्ति अपनी जमीन किसी अजनबी को न बेचे। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग डेढ़ लाख बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और यदि भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो पांच लाख बीघा भूमि पर अतिक्रमण हटाया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story