राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को बधाई दी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को बधाई दी


राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को बधाई दी


राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को बधाई दी


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। एशियाई खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई दी है। भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में 28 वर्षों बाद देश को एशियाई खेलों में भारोत्तोलन का रजत पदक दिलाकर इतिहास रच दिया, जबकि भारतीय निशानेबाजों और सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीना ने कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज़ धालीवाल, राइज़ा ढिल्लों एवं माहेश्वरी चौहान और पुरुष स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेघ सिंह गिल और मैराज अहमद खान को बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि खिलाड़ियों के कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम भावना ने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने महिलाओं के 49 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने पर मीराबाई चानू को बधाई दी। उन्होंने शानदार संकल्प व निरंतरता की सराहना की। उन्होंने महिलाओं के स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर परिनाज़ धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और राइज़ा ढिल्लों और पुरुषों के स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेघ सिंह गिल और मैराज अहमद खान को भी बधाई।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनकी सटीकता, टीमवर्क और बेहतरीन प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है। सभी मेडल विजेताओं को आने वाले वर्षों में और भी सफलताएं पाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मीराबाई चानू के रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास पूरे देश को प्रेरित करता रहेगा तथा पूरे भारत को उन पर गर्व है।

प्रधानमंत्री ने महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली परिनाज़ धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और राइज़ा ढिल्लों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि उनके सटीक प्रदर्शन और टीम वर्क ने भारतीय खेलों के लिए गौरवपूर्ण क्षण प्रस्तुत किया है। प्रधानमंत्री ने पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर सॉफ्ट टेनिस में एशियाई खेलों का पहला पदक हासिल करने वाले जय मीना की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह देश में सॉफ्ट टेनिस के क्षेत्र में एक नया और यादगार अध्याय है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मीराबाई चानू की ऐतिहासिक वापसी को रेखांकित करते हुए कहा कि यह 28 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एशियाई खेलों में भारत का पहला भारोत्तोलन पदक है। उन्होंने एशियाई खेलों में महिलाओं के स्कीट टीम इवेंट में पहला ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर परिनाज़ धालीवाल, राइज़ा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान को बधाई दी। साथ ही एशियाई खेलों में पुरुषों की स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर अनंतजीत सिंह नारुका, भवतेघ सिंह गिल और मैराज अहमद खान को भी बधाई दी।

गृहमंत्री अमित शाह ने भी महिला स्कीट टीम की कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है और वे अपनी जीत के इस जज़्बे को निरंतर बनाए रखें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story