केंद्रीय मंत्रियों व अन्य ने अशोक सिंघल को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्रियों व अन्य ने अशोक सिंघल को जयंती पर दी श्रद्धांजलि


केंद्रीय मंत्रियों व अन्य ने अशोक सिंघल को जयंती पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा व अन्य ने रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अमित शाह ने एक्स पर कहा, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, सादगी और धर्मनिष्ठा के प्रतीक अशोक सिंघल की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। सभी सुखों का त्याग कर निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र, संस्कृति और विचारधारा के प्रति जीवन समर्पित करने का जो आदर्श अशोक सिंघल ने स्थापित किया, वह विरले ही देखने को मिलता है। आपातकाल के विरुद्ध आवाज बुलंद करने से लेकर श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को गति देने तक, उनका संघर्ष और समर्पण सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा।

जेपी नड्डा ने कहा कि राष्ट्र के सांस्कृतिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए अशोक सिंघल ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में उनका योगदान तथा आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष अविस्मरणीय रहेगा। उनका त्याग, तप, साहस और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल को उनकी मातृभूमि की सेवा और धर्म की रक्षा के अप्रतिम कार्यों एवं प्रयासों के लिए आपको युगों-युगों तक स्मरण किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना संपूर्ण जीवन मां भारती की सेवा में समर्पित किया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर समाज जागरण तक उनका दृढ़ नेतृत्व और अटूट संकल्प राष्ट्र के पुनर्जागरण में महत्वपूर्ण रहा। उनका जीवन सभी को अपनी विरासत के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने और अपने मूल्यों के प्रति दृढ़ रहने का मार्ग दिखाता रहेगा।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने में अशोक सिंघल का त्याग, तपस्या और अतुलनीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। राष्ट्र एवं धर्म की सेवा में समर्पित उनका संपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story