असम: ब्रह्मपुत्र नदी में नाव पलटी, छह लोग लापता

WhatsApp Channel Join Now

बरपेटा (असम), 27 जनवरी (हि.स.)। असम के बरपेटा जिले के चेंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहमपुर इलाके में मंगलवार को ब्रह्मपुत्र नदी में एक यात्री नाव के पलट जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना में कम से कम छह लोग लापता बताए जा रहे हैं।

प्रशासन ने बताया है कि लापता यात्रियों के संबंध में अब तक कोई पुष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। बचाव अभियान जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्रियों को लेकर जा रही नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में पलट गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रथम बटालियन एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम सोनार सिस्टम के साथ मौके के लिए रवाना हो चुकी है।

एनडीआरएफ सूत्रों ने बताया कि फिलहाल छह लोगों के लापता होने की सूचना है। बचाव दल स्थानीय मछुआरों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव में यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था नहीं थी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। तेज धाराओं की अनदेखी भी हादसे का कारण मानी जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story