अरुणाचल प्रदेश के तिरप से एनएससीएन (के) के तीन कैडर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

इटानगर, 01 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले से असम राइफल्स और अरुणाचल पुलिस ने संयुक्त अभियान में नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल आफ नगालैंड- खापलांग (एनएससीएन-के) के निक्की सुमी गुट के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तिरप जिले के खोंसा स्थित वांचो कॉलोनी के इलाके में शुक्रवार को गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान विंगन अगन (33), जॉनी रिबा (21) और राजापेयु खेचन खेते (30) के रूप में हुई है। उग्रवादियों के पास से 2 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन, सिम कार्ड, 3 जीपीआरएन पत्र और लगभग ₹500 मूल्य की ब्राउन सुगर बरामद की गई है।

गिरफ्तार व्यक्तियों और बरामद सामान को आगे की जांच के लिए अरुणाचल प्रदेश पुलिस, खोंसा को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि, भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय एक प्रमुख नागा सशस्त्र उग्रवादी और अलगाववादी समूह है। इस संगठन का मुख्य लक्ष्य भारत और म्यांमार के नागा-बहुल क्षेत्रों को मिलाकर एक संप्रभु और स्वतंत्र 'नागालैंड' (नागालिम) का निर्माण करना है। यह समूह मुख्य रूप से नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश के तिराप और चांगलांग जिले के साथ ही म्यांमार के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है। हिंसक गतिविधियों के कारण भारत सरकार ने इस पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (यूएपीए) के तहत प्रतिबंधित लगा रखा है। यह समूह सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने, अपहरण और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। केंद्र सरकार द्वारा इस पर कड़ी निगरानी रखी जाती है और समय-समय पर इसके प्रतिबंध को 5-5 साल के लिए बढ़ाया जाता रहा है। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Share this story