अरुणाचल प्रदेश : भारत-म्यांमार बॉर्डर हाट व्यापार के लिए फिर से खुला
इटानगर, 30 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के व्यापार और वाणिज्य मंत्री, न्याटो डुकाम ने गुरुवार काे अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में नामपोंग के पास पांसो पास इलाके में भारत-म्यांमार बॉर्डर हाट को फिर से शुरू करने करने के लिए इसका आधिकारिक उद्घाटन किया। इसका मकसद सीमा-पार व्यापार, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय संबंधों को फिर से मजबूत करना है।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए, मंत्री डुकाम ने इस क्षेत्र के आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में व्यापार और वाणिज्य की अहम भूमिका पर जाेर दिया। उन्होंने स्थानीय समुदायों, व्यापारियों और प्रशासनिक निकायों सहित सभी संबंधित लोगों से सक्रिय रूप से जुड़ने और व्यापार को रोजमर्रा की ज़िंदगी का एक जीवंत और टिकाऊ हिस्सा बनाने का आह्वान किया। पांगसाऊ दर्रे के ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए, मंत्री ने स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और क्षेत्रीय व्यापार और कनेक्टिविटी को और बढ़ाने के लिए नामपोंग में एक नए लैंड पोर्ट की योजना का भी जिक्र किया।
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों, नागरिक प्रशासकों, सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें नामपोंग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक लैसम सिमाई, व्यापार और वाणिज्य मंत्री के सलाहकार डॉ. महेश चाई, अरुणाचल प्रदेश सरकार के व्यापार और वाणिज्य सचिव बुल्लो मामू और अन्य शामिल थे।
आपसी सद्भाव और आर्थिक सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दिखाते हुए, म्यांमार का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। आने वाले गणमान्य व्यक्तियों में पांगसाऊ टाउन के टाउन चेयरमैन, म्यांमार सेना और पुलिस के प्रतिनिधि, साथ ही यूनाइटेड तांगशांग कमेटी और स्थानीय बाज़ार समिति के नेता शामिल थे।
बॉर्डर हाट के फिर से शुरू होने से स्थानीय लोगों की आजीविका में काफी सुधार होने, सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा मिलने और सीमा-पार व्यापारिक आदान-प्रदान के विस्तार की नींव पड़ने की उम्मीद है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

