अरुणाचल बाढ़ : पांच व्यक्ति लापता, भूस्खलन से पांच जिलों का सड़क संपर्क कटा

WhatsApp Channel Join Now
अरुणाचल बाढ़ : पांच व्यक्ति लापता, भूस्खलन से पांच जिलों का सड़क संपर्क कटा


-पैन्योर ज़िले में भारी भूस्खलन से पांच जिलों का सड़क संपर्क कटा

-निपको प्रोजेक्ट साइट पर बना हेलीपैड क्षतिग्रस्त

इटानगर, 24 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर ज़िले में पोसा में नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (निपको) प्रोजेक्ट के कॉलोनी के आस-पास के इलाकों में बीती रात से बुधवार सुबह तक लगातार हुई भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गयी। क्षेत्र को पूरी तरह से नष्ट कर दिया।

अरुणाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बाढ़ के संबंध में दी गयी जानकारी के अनुसार आज दोपहर 3 बजे तक अचानक आई बाढ़ के चलते पांच लोग लापता हैं। निपको प्रोजेक्ट हेड के अनुसार पांच लोगों के लापता होने की सूचना है। इस बीच कुल 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एम्बुलेंस से ज़ीरो ले जाया गया है। पितापुल में सड़क बंद होने के कारण तीनों घायलों को एम्बुलेंस से आगे ले जाने से पहले, सड़क के बंद हिस्से को पैदल चलकर पार किया गया।

कई जगहों पर ज़बरदस्त भूस्खलन के कारण केयी पैन्योर ज़िले के पोसा, होज और पोटिन इलाकों मे भूस्खलन के कारण लगभग पांच अन्य ज़िला भी पूरी तरह कट गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, 23 और 24 जून की रात हुई लगातार बारिश से अचानक बाढ़ आ गई और यज़ाली सर्कल के तहत निपको प्रोजेक्ट कॉलोनी और उसके पास निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे कॉलोनी के लगभग 20 क्वार्टर क्षतिग्रस्त हो गए और एक निर्माणाधीन रिटेनिंग वॉल बह गई। चार पहिया वाहनों सहित कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।

केयी पान्योर की जिला उपायुक्त श्वेता नागरकोटी मेहता के अनुसार, भूस्खलन के कारण प्रभावित यज़ाली और होज-पोटिन, दोनों तरफ से प्रभावित हुए हैं। सडके बंद होने के करण प्रभावित क्षेत्र में पहुंचना मुश्किल हो गया है। पोटिन और पोसा के बीच फंसा एक भू-वैज्ञानिक (जियोलॉजिस्ट) बचाव का इंतज़ार कर रहा है।

ज़िला प्रशासन ने बताया कि शुरू में एक महिला के लापता होने की खबर थी, लेकिन ताज़ा रिपोर्टों से पता चलता है कि पांच लोगों का कोई पता नहीं चल पा रहा है। अधिकारियों ने अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है।

बचाव कार्यों पर बुरा असर पड़ा है क्योंकि निपको प्रोजेक्ट साइट पर बना हेलीपैड क्षतिग्रस्त हो गया है और सड़क संपर्क टूट गया है। ज़िले के अन्य अधिकारी साइट तक नहीं पहुंच पाए हैं, जबकि जिला उप उपायुक्त, पुलिसकर्मियों और स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स (एसडीआरएफ) की टीमें पैदल ही उस इलाके तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फ़ोर्स (एनडीआरएफ) भी कई जगहों पर सड़क जाम होने के कारण प्रभावित जगह तक नहीं पहुंच पाई है।

अधिकारियों ने बताया कि पान्योर प्रोजेक्ट के प्रमुख इस मुश्किल हालात में फंसे हुए थे। निपको ने एहतियात के तौर पर अपना पावरहाउस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और बांध से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ना शुरू कर दिया है।

मौसम और पहुंचने की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए सड़क साफ़ करने, बचाव और बहाली का काम चल रहा है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Share this story